बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपने चिर-परिचित रोमांटिक और कॉमेडी अंदाज में वापसी कर रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसने सोशल मीडिया पर आते ही तहलका मचा दिया है। डेविड धवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में वरुण के साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े की फ्रेश केमिस्ट्री देखने को मिल रही है, जिसमें 90 के दशक के सिनेमा का तड़का लगाया गया है।
क्या है ट्रेलर की कहानी?
ट्रेलर की शुरुआत मनीष पॉल की दमदार आवाज से होती है, जो एक अनोखी लव स्टोरी और शादी का हिंट देते हैं। कोर्ट रूम के एक सीन में जज वरुण धवन और उनकी पत्नी का किरदार निभा रहीं मृणाल ठाकुर से आपसी लड़ाई-झगड़े पर सवाल करते हैं, जिस पर मृणाल कहती हैं कि वरुण उनसे बहुत प्यार करते हैं। कहानी में असली ट्विस्ट तब आता है जब वरुण एक क्लब में पूजा हेगड़े से मिलते हैं और दोनों की नजदीकियां बढ़ती हैं।
कन्फ्यूजन और कॉमेडी का दौर तब शुरू होता है जब मृणाल और पूजा, दोनों ही वरुण को एक साथ अपनी प्रेग्नेंसी की खुशखबरी देती हैं। इस मुसीबत से निकलने के लिए वरुण धवन जुगाड़ बिठाते हैं, जिसमें मौनी रॉय उनकी नकली मां के किरदार में नजर आती हैं।
शानदार स्टारकास्ट और मुकाबला
इस फिल्म का निर्देशन दिग्गज डायरेक्टर डेविड धवन ने किया है और इसके निर्माता रमेश तौरानी हैं। चर्चा है कि यह डेविड धवन के करियर की आखिरी फिल्म हो सकती है। फिल्म में मुख्य कलाकारों के अलावा राकेश बेदी, मौनी रॉय, मनीष पॉल, चंकी पांडे और जिम्मी शेरगिल जैसे मंझे हुए कलाकार कॉमेडी का डोज बढ़ाते दिखेंगे।
है जवानी तो इश्क होना है’ 5 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। बॉक्स ऑफिस पर इसकी सीधी टक्कर साउथ सुपरस्टार रामचरण की मच-अवेटेड फिल्म ‘पेड्डी’ से होगी, जो एक दिन पहले यानी 4 जून को रिलीज हो रही है।
