गुड़ाबांदा: बनमाकड़ी लैंपस की जांच में धान खरीद प्रक्रिया सही, गड़बड़ी के आरोप निराधार

गुड़ाबांदा: बनमाकड़ी लैंपस की जांच में धान खरीद प्रक्रिया सही, गड़बड़ी के आरोप निराधार

Johar News Times
2 Min Read

गुड़ाबांदा प्रखंड के बनमाकड़ी लैंपस में धान खरीद को लेकर उठे विवाद की जांच में प्रक्रिया को पूरी तरह सही पाया गया है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) जुल्फिकार अंसारी ने स्थानीय लोगों और किसानों के विरोध के बाद 8 अप्रैल को लैंपस को सील कर दिया था।

स्थानीय प्रमुख और उप प्रमुख की लिखित शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कैंपस ऑपरेटर और सचिव ने अपने ही परिवार व रिश्तेदारों का धान खरीदा, जबकि अन्य किसानों को लौटाया गया। इसके बाद जिला सहकारिता पदाधिकारी के निर्देश पर प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी जितेंद्र कुमार भगत को जांच सौंपी गई, जिसके लिए 17 अप्रैल को आदेश जारी हुआ।

जांच में भूमि अभिलेख, रसीद और धान खरीद से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई। रिपोर्ट के अनुसार जयंत बारीक के नाम 19.57 एकड़, सौदामुनी बारीक के नाम 13.61 एकड़ और कल्याणी बारीक के नाम 8.23 एकड़ भूमि दर्ज पाई गई, यानी कुल 41.41 एकड़ भूमि की पुष्टि हुई। इसी आधार पर 374 क्विंटल धान खरीद को भी सही पाया गया।

रिपोर्ट में स्पष्ट कहा गया है कि कैंपस ऑपरेटर और लैंपस सचिव द्वारा धान अधिप्राप्ति में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं हुई है और आरोप निराधार हैं। साथ ही यह भी पाया गया कि मिल को भेजे गए धान की पूरी प्रक्रिया नियमों के अनुसार पूरी की गई। जांच रिपोर्ट डीएसओ कार्यालय को सौंप दी गई है, हालांकि अभी तक लैंपस का सील नहीं खोला गया है, जिससे परिसर में रखे धान के बारिश में खराब होने की आशंका जताई जा रही है। मामले में अब डीएसओ की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

Share This Article