धनबाद : लोयाबाद थाना क्षेत्र के बांसजोड़ा में बुधवार को आजसू नेताओं की बैठक के दौरान अचानक हिंसक झड़प और फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से एक युवक घायल हो गया, जबकि कई कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की भी सूचना है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बैठक के दौरान अचानक फायरिंग शुरू हो गई, जिससे वहां मौजूद लोग दहशत में भागने लगे और माहौल तनावपूर्ण हो गया। घायल युवक की पहचान किशन रजवार के रूप में हुई है, जिसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, इस हमले में आजसू छात्र नेता हीरालाल महतो समेत कई समर्थक घायल हुए हैं। हीरालाल महतो ने आरोप लगाया कि रजनी रवानी को कथित कोयला कारोबार से जुड़े कुछ लोगों की ओर से लगातार धमकियां मिल रही थीं। इन्हीं धमकियों को लेकर कार्यकर्ता बैठक में चर्चा के लिए एकत्र हुए थे।
लोयाबाद थाना प्रभारी टीकू प्रसाद ने फायरिंग की घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। ग्रामीण एसपी ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है और हमलावरों की पहचान की जा रही है। घटना के बाद एहतियातन इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल बांसजोड़ा और आसपास के क्षेत्रों में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
