देवघर पुलिस का बड़ा एक्शन: 20 लाख की ब्राउन शुगर के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार

देवघर पुलिस का बड़ा एक्शन: 20 लाख की ब्राउन शुगर के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार

Johar News Times
4 Min Read

झारखंड के देवघर में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ब्राउन शुगर गिरोह का पर्दाफाश किया है। मोहनपुर थाना क्षेत्र के बड़ा झरना-खरगडीहा जाने वाली कच्ची सड़क के पास गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने करीब 20 लाख रुपये मूल्य की 102.14 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की। इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिले के दो सप्लायर और देवघर के दो स्थानीय रिसिवर शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 1,49,300 रुपये नकद, एक आई-10 कार, एक मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि 17 मई की रात करीब 12:15 बजे सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से ब्राउन शुगर लेकर कुछ लोग मोहनपुर इलाके में पहुंचे हैं और डील होने वाली है। इसके बाद एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिले के दुबराजपुर थाना क्षेत्र निवासी शेख इस्ताजुल और मीर समद शामिल हैं, जो काले रंग की आई-10 कार से पहुंचे थे। वहीं देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के लातेसार गांव निवासी रोहित कुमार और नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया निवासी नीरज कुमार महथा बाइक से ब्राउन शुगर खरीदने पहुंचे थे। पुलिस ने मौके पर चारों को घेरकर गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान दो पैकेट में रखी गई ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस के अनुसार यह गिरोह पश्चिम बंगाल से सड़क मार्ग के जरिए ब्राउन शुगर लाकर झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करता था। बाद में स्थानीय स्तर पर इसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बिक्री की जाती थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार नीरज कुमार महथा पर नगर थाना में पांच मामले दर्ज हैं, जबकि रोहित कुमार के खिलाफ साइबर थाना और मोहनपुर थाना में दो मामले दर्ज हैं। दोनों पहले भी जेल जा चुके हैं और हाल ही में जमानत पर बाहर आने के बाद फिर से नशे के कारोबार में सक्रिय हो गए थे।

पूछताछ में शेख इस्ताजुल ने कई अहम खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह पश्चिम बंगाल से ब्राउन शुगर लेकर देवघर आया था और एक पैकेट नीरज कुमार महथा को डेढ़ लाख रुपये में बेच चुका था। दूसरा पैकेट रोहित कुमार को देना था, लेकिन भुगतान नहीं होने के कारण वह उसके पास ही रह गया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। उसने यह भी स्वीकार किया कि इससे पहले भी कई बार वे ब्राउन शुगर की खेप लेकर देवघर आ चुके हैं। एसपी ने बताया कि आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में कई अन्य सप्लायरों और कारोबारियों के नाम सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अब ब्राउन शुगर बेचने वाले छोटे विक्रेताओं और सेवन करने वालों पर भी कार्रवाई की तैयारी में जुट गई है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के बढ़ते नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article