चतरा। चतरा के उपायुक्त रवि आनंद ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान ओपीडी, इमरजेंसी, प्रसूति वार्ड, दवा भंडार समेत कई विभागों की बारीकी से जांच की गई।
सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी
अस्पताल परिसर में गंदगी, शौचालयों की खराब स्थिति और कई कमरों के बंद मिलने पर डीसी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
लापरवाही पर गिरी गाज
निरीक्षण के दौरान लापरवाही सामने आने पर हॉस्पिटल मैनेजर रवि शंकर को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया गया। साथ ही अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।
मरीजों को मिले पूरी सुविधा
डीसी ने अस्पताल में जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मरीजों को बाहर से दवा न खरीदनी पड़े। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर इलाज और सुविधाओं की जानकारी भी ली।
उपायुक्त ने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार करने की हिदायत देते हुए साफ कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मौके पर सिविल सर्जन डॉ. सत्येंद्र कुमार सिन्हा और डीएस डॉ. पंकज कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।










