जमशेदपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते दिख रहे हैं। शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार हो रही छिनतई और लूटपाट की घटनाओं ने आम लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है।
ताजा मामला कदमा थाना क्षेत्र का है, जहां अनिल सुर पथ के सामने 2 मई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे एक महिला से चेन छिनतई की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दो अपराधियों ने अचानक महिला को निशाना बनाया और झपट्टा मारकर उसके गले से चेन छीनकर फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। हालांकि, अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस की गश्त केवल औपचारिकता तक सीमित नजर आती है। लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर अपराधियों पर लगाम क्यों नहीं लग पा रही है।
लगातार बढ़ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने जमशेदपुर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नागरिकों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।









