डिजिटल युग में जहां हर हाथ में स्मार्टफोन है, वहीं बच्चों के लिए अब पुराने जमाने के लैंडलाइन फोन की नए अवतार में वापसी हुई है। अमेरिका और कनाडा जैसे देशों में ‘टिन कैन’ (Tin Can) नाम का एक अनोखा फोन तेजी से ट्रेंड कर रहा है। यह डिवाइस उन माता-पिता के लिए उम्मीद की किरण बना है जो बच्चों को स्क्रीन एडिक्शन और ऑनलाइन खतरों से दूर रखना चाहते हैं।
बिना स्क्रीन, जबरदस्त फीचर्स
देखने में यह फोन बिल्कुल 90 के दशक के घुमावदार तार वाले लैंडलाइन जैसा दिखता है, लेकिन इसके भीतर की तकनीक पूरी तरह आधुनिक है।
- इंटरनेट कॉलिंग: इसे घर के Wi-Fi से कनेक्ट किया जा सकता है, जिससे बिना सिम कार्ड के भी कॉल की जा सकती है।
- जीरो स्क्रीन टाइम: इसमें कोई डिस्प्ले नहीं है, जिसका मतलब है कि न सोशल मीडिया का झंझट होगा और न ही गेम्स की लत।
- सादगी भरा डिजाइन: इसमें बड़े बटन और बेस स्टैंड दिया गया है, जो बच्चों के लिए इस्तेमाल करने में काफी आसान है।
पैरेंट्स के हाथ में होगा पूरा कंट्रोल
इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसका पैरेंटल कंट्रोल फीचर है। एक मोबाइल ऐप के जरिए माता-पिता यह तय कर सकते हैं कि बच्चा किन नंबरों पर बात कर सकता है। इससे किसी भी अनजान व्यक्ति या अजनबी से कॉल आने का खतरा खत्म हो जाता है, जिससे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है।
Gen Alpha में बढ़ रहा है क्रेज
करीब 100 डॉलर (लगभग ₹8,300) की कीमत वाला यह फोन नई पीढ़ी यानी ‘जेन अल्फा’ के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह डिवाइस बच्चों को तकनीक से जोड़ता तो है, लेकिन उन्हें इसके दुष्प्रभावों से बचाए रखता है। जो पैरेंट्स अपने बच्चों को स्मार्टफोन देने से कतरा रहे हैं, उनके लिए यह एक बेहतरीन और सुरक्षित विकल्प साबित हो रहा है।









