RR फ्रेंचाइजी की 1.65 अरब डॉलर की डील, IPL में बड़ा कारोबारी बदलाव संभव,
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की चर्चित फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) को लेकर एक बड़ी कारोबारी डील सामने आई है, जिसने क्रिकेट और बिजनेस दोनों जगत में हलचल मचा दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उद्योगपति लक्ष्मी निवास मित्तल और आदित्य मित्तल के नेतृत्व वाली मित्तल फैमिली ने अदार पूनावाला के साथ मिलकर राजस्थान रॉयल्स में बहुलांश हिस्सेदारी खरीदने पर सहमति जताई है। इस संभावित सौदे की कुल वैल्यू करीब 1.65 अरब अमेरिकी डॉलर (लगभग ₹15,600 करोड़) बताई जा रही है।
यह डील सिर्फ IPL टीम तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके दायरे में साउथ अफ्रीका की SA20 लीग की टीम पार्ल रॉयल्स और कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) की बारबाडोस रॉयल्स भी शामिल बताई जा रही हैं। यानी यह एक मल्टी-लीग क्रिकेट निवेश मॉडल के रूप में देखा जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, डील पूरी होने पर मित्तल फैमिली के पास लगभग 75% हिस्सेदारी होगी, जबकि अदार पूनावाला करीब 18% हिस्सेदारी संभाल सकते हैं। शेष 7% हिस्सेदारी मौजूदा निवेशकों, जिसमें मनोज बडाले शामिल हैं, के पास रहने की संभावना है। बडाले टीम से जुड़े रहकर अहम भूमिका निभाते रहेंगे।
हालांकि यह डील अभी अंतिम रूप में नहीं पहुंची है। इसे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), Competition Commission of India (CCI) और IPL गवर्निंग काउंसिल जैसी नियामक संस्थाओं की मंजूरी मिलना बाकी है। अनुमान है कि यह प्रक्रिया 2026 की तीसरी तिमाही तक पूरी हो सकती है।
बताया जा रहा है कि डील के बाद मित्तल, पूनावाला और अन्य निवेशक फ्रेंचाइजी के बोर्ड में शामिल होंगे, जिससे राजस्थान रॉयल्स के संचालन और रणनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।










