कोडरमा में 5 दिन से लापता किशोर का शव कुएं से बरामद

कोडरमा में 5 दिन से लापता किशोर का शव कुएं से बरामद

Johar News Times
2 Min Read

घर से एक किलोमीटर दूर मिली लाश, गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद पुलिस कर रही थी तलाश,

कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब गांव से पांच दिन से लापता 12 वर्षीय किशोर शीतल कुमार का शव शुक्रवार को घर से करीब एक किलोमीटर दूर एक कुएं से बरामद किया गया। मृतक की पहचान वीरेंद्र यादव के पुत्र शीतल कुमार के रूप में हुई है। शीतल रविवार शाम अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर डोमचांच थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस और परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे थे।

ग्रामीणों की नजर कुएं में तैरते शव पर पड़ी

शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे बगड़ो गांव से सटी मेघना पहाड़ी स्थित एक कुएं में ग्रामीणों ने शव देखा। बगड़ो तालाब की ओर गए कुछ लोगों की नजर कुएं में तैरती लाश पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाकर अन्य ग्रामीणों को बुलाया और सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान शीतल कुमार के रूप में की। पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही डोमचांच पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की। ग्रामीणों का अनुमान है कि शीतल घूमते हुए इस क्षेत्र में पहुंचा होगा और कुएं में गिरने से उसकी मौत हो गई होगी। हालांकि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

मजदूर का बेटा था शीतल

शीतल दो भाइयों में बड़ा था और गांव के पास स्थित एक विद्यालय में कक्षा छह का छात्र था। उसके पिता वीरेंद्र यादव मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Share This Article