सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं और कथित फर्जी जन्म प्रमाण पत्र घोटाले की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई।
धरना कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर किसानों से किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। कार्यक्रम प्रभारी सह भाजपा जिला उपाध्यक्ष सारथी महतो ने कहा कि हेमंत सरकार की नीतियों से किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान किसानों को धान का 3200 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य, कृषि ऋण माफी, मुफ्त बिजली और वन उत्पादों पर MSP बढ़ाने जैसे कई वादे किए गए थे, लेकिन सरकार उन वादों को पूरा करने में विफल रही है।
धरना के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने चांडिल प्रखंड में कथित रूप से बड़े पैमाने पर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाए जाने के मामले को भी प्रमुखता से उठाया। भाजपा नेताओं का आरोप है कि प्रखंड के एक कम्प्यूटर ऑपरेटर और प्रज्ञा केंद्र संचालक की मिलीभगत से बिना वैध दस्तावेजों के हजारों जन्म प्रमाण पत्र जारी किए गए। इन प्रमाण पत्रों का उपयोग विभिन्न सरकारी योजनाओं और बीपीएल सूची में नामांकन के लिए किए जाने की बात कही गई।
भाजपा महामंत्री नित्यानंद कुंभकार ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद मामले की जांच शुरू नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासन पर मामले को दबाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच, दोषियों पर FIR और संदिग्ध प्रमाण पत्रों को रद्द करने की मांग की।
धरना कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष सारथी महतो, मनोज महतो, प्रकाश सतपति, जगदीश महतो, राहुल मंडल, चामुराम भुइया, दिवाकर सिंह, रेणुका महतो, चांदनी लोहार, सावित्री महतो समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com
