झारखंड सरकार के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर पदस्थापित होने के बाद सत्यवीर रजक का मुसाबनी पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर जीसीजेडी उच्च विद्यालय मुसाबनी के प्रिंसिपल मुरारी प्रसाद सिंह ने उन्हें पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
सम्मान समारोह के दौरान घाटशिला और मुसाबनी विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन व खेलकूद की असीम संभावनाओं को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान स्थानीय लोगों और प्रबुद्ध नागरिकों ने मुसाबनी के ऐतिहासिक ‘कंपनी तालाब’ के सौंदर्यीकरण एवं उसे एक आधुनिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की जोरदार मांग उठाई।
मौके पर उपस्थित प्रबुद्ध जनों ने बताया कि मुसाबनी कंपनी तालाब को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने को लेकर झारखंड के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से भी पूर्व में लिखित अनुरोध किया जा चुका है। अब विभाग में सत्यवीर रजक के संयुक्त सचिव बनने से क्षेत्र के लोगों में उम्मीद की नई किरण जगी है।
मुसाबनी एवं घाटशिला क्षेत्र में अपने पिछले कार्यकाल के दौरान सत्यवीर रजक ने जनहित से जुड़े कई सराहनीय और ऐतिहासिक कार्य किए थे। अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली, प्रशासनिक दक्षता और आम जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार के कारण उन्होंने स्थानीय लोगों के दिलों में एक अलग और खास पहचान बनाई है। उपस्थित लोगों ने भरोसा जताया कि उनके इस विशाल प्रशासनिक अनुभव और कुशल नेतृत्व क्षमता का लाभ अब पूरे झारखंड राज्य को मिलेगा।
