दो बच्चों और पति के साथ खेत में काम कर रही थी महिला, घटना के बाद गांव में दहशत
लोहरदगा : झारखंड के लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र स्थित भैंसमुंदो गांव में मंगलवार सुबह हाथी के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है। मृतका की पहचान बेदाल टांगरा टोली निवासी कृष्णा उरांव की पत्नी प्रतिमा कुमारी (22) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार प्रतिमा कुमारी मंगलवार सुबह अपने पति और दो बच्चों के साथ खेत में गेहूं काटने गई थी। इसी दौरान जंगल की ओर से दो हाथी गांव की तरफ आ गए। बताया जा रहा है कि एक हाथी वापस लौट गया, जबकि दूसरा अचानक खेत में पहुंच गया। महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही हाथी ने उसे पटक दिया और कुचलते हुए आगे बढ़ गया।
घटना के दौरान महिला का बच्चा भी वहीं गिर पड़ा था, लेकिन हाथी ने उसे नुकसान नहीं पहुंचाया। महिला के पति और आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने शोर मचाकर हाथी को भगाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना के बाद ग्रामीण गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेज दिया।
टंगरा टोली में डेरा डाले हुए हैं हाथी
महिला को कुचलने के बाद हाथियों का झुंड बेदाल टंगरा टोली स्थित पतरा क्षेत्र में डेरा जमाए हुए है। वन विभाग की टीम हाथियों को आबादी वाले इलाके से दूर भगाने के प्रयास में जुटी हुई है। हाथियों की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है।
पीड़ित परिवार को दी गई तत्काल सहायता
भंडरा के वनपाल मुकेश प्रजापति ने बताया कि पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता के रूप में 30 हजार रुपये दिए गए हैं। साथ ही सरकार की ओर से चार लाख रुपये मुआवजा देने का प्रावधान है, जिसे जल्द उपलब्ध कराया जाएगा। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी क्षेत्र से दूर खदेड़ने और प्रभावित गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
