पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत खंडकोरी गांव में नकाबपोश बदमाशों की लगातार गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। चार दिनों के भीतर गांव के दो दुकानदार परिवारों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला सोमवार देर रात का बताया जा रहा है, जब हथियारबंद बदमाशों ने राजाबासा टोला निवासी दुकानदार कमल पान के घर में घुसकर नकदी लूट ली और परिवार को धमकी देकर फरार हो गए।
पीड़ित परिवार के अनुसार, बदमाश छत और मुख्य दरवाजे के रास्ते घर में दाखिल हुए। सभी के चेहरे ढंके हुए थे और उनके पास हथियार मौजूद थे। घर में घुसते ही उन्होंने परिवार के सदस्यों को अपने कब्जे में ले लिया और नकदी की मांग करने लगे। विरोध करने पर मारपीट की गई तथा पुलिस को सूचना देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। परिवार ने बताया कि घर में रखी नकदी बदमाश अपने साथ ले गए।
घटना के दौरान परिवार की महिला सदस्य के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की बात सामने आई है। शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण सतर्क हुए, जिसके बाद बदमाश मौके से भाग निकले। ग्रामीणों ने पहुंचकर पीड़ित परिवार को राहत पहुंचाई।

ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले 29 मई की रात भी गांव के हाटसाई टोला में एक अन्य दुकानदार के घर में इसी तरह घुसने का प्रयास किया गया था। उस दौरान परिवार और आसपास के लोगों के जाग जाने से बदमाश भाग निकले थे।
लगातार दो घटनाओं के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने और गिरोह की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक पुष्टि या कार्रवाई संबंधी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई थी।
हर अपडेट के लिए जुड़े रहें हमारे न्यूज पोर्टल joharnewstimes.com के साथ।
