जमशेदपुर: टाटानगर स्टेशन पर पार्किंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव, 60 दिन के लिए नया टेंडर जारी

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर : टाटानगर रेल्वे स्टेशन पर चल रहे रीडेवलपमेंट कार्य के बीच पार्किंग व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है। साउथ ईस्टर्न रेल्वे के चक्रधरपुर मंडल ने दो, तीन और चार पहिया वाहनों की पार्किंग संचालन के लिए 60 दिनों की अस्थायी अवधि का नया टेंडर जारी किया है। इच्छुक एजेंसियों से 28 अप्रैल तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, इससे पहले यह टेंडर एक निजी कंपनी को दिया गया था, लेकिन घाटे के चलते कंपनी ने काम छोड़ दिया। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने अस्थायी रूप से हर महीने अलग-अलग एजेंसियों को पार्किंग संचालन की जिम्मेदारी दी। अब दो माह के लिए स्थिर व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नया टेंडर निकाला गया है।

- Advertisement -
Ad image

जानकारी के मुताबिक, केवल टाटानगर ही नहीं बल्कि चक्रधरपुर, राउरकेला और झारसुगुड़ा रेलवे स्टेशनों के लिए भी पार्किंग टेंडर जारी किए गए हैं। चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी ने बताया कि यह व्यवस्था फिलहाल दो माह के लिए लागू की जा रही है, ताकि संचालन में निरंतरता बनी रहे।

इधर, स्टेशन के रीडेवलपमेंट प्लान के तहत मौजूदा पार्किंग क्षेत्र में नई इमारत बनाने का प्रस्ताव है। इसके चलते पार्किंग को मुख्य सड़क के दूसरी ओर शिफ्ट करने की योजना तैयार की जा रही है। पोर्टिको क्षेत्र में प्लेटफॉर्म नंबर-1 के निर्माण के लिए निशान भी लगाए जा चुके हैं, जबकि वीआईपी लेन को बंद कर दिया गया है।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि यात्रियों और ठेकेदारों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Share This Article