नोवामुंडी, पश्चिमी सिंहभूम जिले के टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, नोवामुंडी में गुरुवार को छात्रों के लिए अग्निशमन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह प्रार्थना सभा के दौरान आयोजित इस कार्यक्रम में जूनियर कक्षाओं से लेकर 12वीं तक के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने में एसेंबली प्रमुख सुरेश पंडा और पवित्र शंकर पात्र की अहम भूमिका रही। इस अवसर पर टाटा स्टील नोवामुंडी से अग्निशमन विशेषज्ञ दिनेश कुमार पासवान अपनी टीम के साथ उपस्थित हुए। उन्होंने छात्रों को आग से बचाव, आग लगने की स्थिति में सतर्कता और प्राथमिक उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
विशेषज्ञ ने बताया कि हर वर्ष 14 से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सप्ताह मनाया जाता है। इस वर्ष का विषय “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज” रखा गया है। यह सप्ताह 1944 के बॉम्बे डॉक विस्फोट में शहीद हुए दमकलकर्मियों को श्रद्धांजलि देने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मनाया जाता है।

विद्यालय की प्राचार्या शशिकला ने अपने संबोधन में कहा कि आग की घटनाएं तेजी से फैलकर भारी नुकसान पहुंचा सकती हैं, इसलिए बच्चों को इसकी रोकथाम और बचाव की जानकारी होना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक मानस रंजन मिश्र और सचिन चंद्र साह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन शिक्षक राजेश राम ने दिया। अंत में शांति पाठ और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस मौके पर कक्षा 10वीं बोर्ड के विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।









