झारखंड में 3,451 सहायक आचार्य पदों के लिए परीक्षा आज से, JSSC ने जारी किए एडमिट कार्ड

झारखंड में 3,451 सहायक आचार्य पदों के लिए परीक्षा आज से, JSSC ने जारी किए एडमिट कार्ड

Johar News Times
2 Min Read

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की ओर से आयोजित झारखंड इंटरमीडिएट एवं स्नातक प्रशिक्षित विशेष शिक्षा सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 का आयोजन 22 से 24 जून 2026 तक किया जाएगा। अभ्यर्थियों की संख्या या तकनीकी आवश्यकता के आधार पर परीक्षा 25 जून तक भी बढ़ाई जा सकती है। आयोग ने परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी JSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन नंबर या ई-मेल आईडी और जन्मतिथि की मदद से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

परीक्षा केंद्र पर ये दस्तावेज लाना अनिवार्य
JSSC के परीक्षा नियंत्रक द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, सभी अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड की एक अतिरिक्त फोटोकॉपी और दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो परीक्षा केंद्र पर साथ लाने होंगे। आवश्यक दस्तावेज नहीं होने पर प्रवेश में परेशानी हो सकती है।

नकल या कदाचार पर होगी सख्त कार्रवाई
आयोग ने अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल, पैरवी या अनुचित साधनों का इस्तेमाल नहीं करने की चेतावनी दी है। कदाचार करते पाए जाने पर झारखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम व निवारण के उपाय) अधिनियम, 2023 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जेल और भारी जुर्माने का प्रावधान है।

रांची के CBT केंद्रों पर होगी परीक्षा
पूरी परीक्षा रांची स्थित विभिन्न कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से राज्य के प्राथमिक (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक (कक्षा 6 से 8) विद्यालयों में 3,451 विशेष शिक्षा सहायक आचार्यों की नियुक्ति की जाएगी। लंबे समय से प्रतीक्षित इस बहाली प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह देखा जा रहा है।

Share This Article