‘सिटी ऑफ ज्वॉय’ के नाम से मशहूर कोलकाता इस वर्ष 21 जून को होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं देश और दुनिया का नेतृत्व करेंगे।
इस ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियों को लेकर केंद्रीय आयुष राज्यमंत्री प्रतापराव जाधव और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने राज्य सचिवालय ‘नवान्न’ में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी साझा की। इस विशेष अवसर पर योग की विभिन्न मुद्राओं वाले 12 विशेष डाक टिकटों का भी विमोचन किया गया।
PM मोदी का नेतृत्व: 21 जून को सुबह 5:00 बजे से रेड रोड पर प्रधानमंत्री की मौजूदगी में 35,000 लोग एक साथ सामूहिक योगाभ्यास करेंगे।
- गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की तैयारी: हुगली नदी में 500 नौकाओं पर एक साथ सामूहिक योग प्रदर्शन होगा, जो बंगाल की नदी विरासत को वैश्विक मंच पर दिखाएगा।
- 3,000 ड्रोनों का शो: 20 जून को ‘बंगाल दिवस’ के मौके पर हुगली तट पर भव्य ड्रोन शो और सांस्कृतिक योग कार्निवल का आयोजन होगा।
- इस वर्ष की थीम: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 का मुख्य विषय ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ निर्धारित किया गया है।
कोलकाता में तीन दिनों का महा-उत्सव: ‘दौड़ से ध्यान’ मैराथन से शुरुआत
कोलकाता में योग दिवस का उत्सव शुक्रवार (19 जून) से ही शुरू हो चुका है।
- हाफ मैराथन: शुक्रवार की सुबह कोलकाता के 11 स्थानों पर ‘दौड़ से ध्यान’ थीम के तहत 2 किलोमीटर लंबी हाफ मैराथन आयोजित की गई।
- फ्लैग ऑफ: मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने कोलकाता नगर निगम मुख्यालय के बाहर से इस मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
बंगाल दिवस पर हुगली तट पर सजेगी रोशनी, दिखेगा ड्रोन शो
20 जून को ‘पश्चिम बंगाल दिवस’ के अवसर पर शाम को हुगली नदी के किनारे एक अभूतपूर्व नजारा दिखेगा:
- वंदे योगम कार्निवल: कला, फोटोग्राफी और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
- आसमान में योग गाथा: लगभग 3,000 ड्रोनों की मदद से आसमान में एक भव्य ड्रोन शो होगा, जो भारत की योग यात्रा और महान योग गुरुओं की गाथा को रोशनी के जरिए बयां करेगा।
गंगोत्री से गंगासागर तक ‘गंगा तट योग यात्रा’
केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने बताया कि देश भर में योग के प्रति अलख जगाने के लिए कई अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 13 से 20 जून तक गंगोत्री से गंगासागर गंगा तट योग यात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा ऋषिकेश, हरिद्वार, प्रयागराज, वाराणसी, पटना और हुगली होते हुए गंगासागर पहुंचेगी, जो योग के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और नदी संस्कृति का संदेश दे रही है।
“योग वैश्विक स्वास्थ्य आंदोलन बन चुका है” – आयुष मंत्री
केंद्रीय मंत्री जाधव ने कहा कि भारत इस बार योग दिवस को अभूतपूर्व स्तर पर मना रहा है। आयुष मंत्रालय ने ‘योग 365’ पहल की शुरुआत की है, ताकि लोग योग को केवल 21 जून को ही न अपनाएं, बल्कि साल के पूरे 365 दिन इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने भी इसे बंगाल के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक संतुलन का सबसे बड़ा माध्यम है।
