सरायकेला-कांड्रा मुख्य मार्ग पर गोपीडीह के पास बुधवार की देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने कहर बरपाया। ट्रक ने दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक बाइक पर सवार 25 वर्षीय महिला सुधा रानी महतो की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मृतका की मासूम बच्ची और पति समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
खुशी का माहौल मातम में बदला, पार्टी से लौट रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुगड़ी गांव निवासी सुधा रानी महतो अपने पति और छोटी बच्ची के साथ सरायकेला के विजय गांव में आयोजित एक पार्टी से शामिल होकर बाइक द्वारा आदित्यपुर लौट रही थीं। इसी दौरान गोपीडीह के समीप विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुधा रानी की घटनास्थल पर ही सांसें टूट गईं, जबकि उनके पति की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। बताया जाता है कि सुधा रानी का मायका बांधडीह गांव में है और महज दो वर्ष पूर्व ही उनकी शादी हुई थी।
ड्यूटी से लौट रहा युवक भी हुआ हादसे का शिकार
इसी दौरान इस अनियंत्रित ट्रक ने एक अन्य मोटरसाइकिल को भी अपनी चपेट में लिया, जिस पर सरमाली गांव का रहने वाला 22 वर्षीय विमल महतो सवार था। विमल अपनी कंपनी की ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। इस हादसे में वह भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, वाहनों की लगी कतार
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण उग्र हो गए और मुआवजे के साथ-साथ इस मार्ग पर सड़क सुरक्षा पुख्ता करने की मांग को लेकर सरायकेला-कांड्रा सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देकर काफी मशक्कत के बाद जाम हटवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक की तलाश शुरू कर दी है।
