बिहार के औरंगाबाद जिले में NH-19 पर मदनपुर थाना क्षेत्र के पहारचापी मोड़ के पास वाराणसी से रांची आ रही रेखा बस सड़क हादसे का शिकार हो गई। मंगलवार तड़के करीब 2 बजे बस आगे चल रहे डंपर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में वाराणसी के राजा तालाब निवासी 35 वर्षीय फार्मा कर्मी बाबू विवेक सिंह की मौत हो गई, जबकि 22 यात्री घायल हो गए। विवेक सिंह अपने सहयोगी आशु पटेल के साथ कंपनी के काम से रांची आ रहे थे। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, बस सोमवार रात करीब 9 बजे वाराणसी से रवाना हुई थी। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने राहत-बचाव अभियान चलाकर घायलों को बस से बाहर निकाला और मदनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व औरंगाबाद सदर अस्पताल भेजा।
घायलों में मनेश गुप्ता, संजय राम, मनिकेश सिंह, अमन मिश्रा और दुलारी देवी समेत कई यात्री शामिल हैं। अधिकांश घायल वाराणसी के निवासी हैं और विभिन्न अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा है। मदनपुर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद कुछ समय तक NH-19 पर यातायात भी प्रभावित रहा।
