Rajya Sabha Election: बसों से विधानसभा पहुंचे NDA और महागठबंधन के विधायक, 2 सीटों के लिए मतदान जारी

Rajya Sabha Election: बसों से विधानसभा पहुंचे NDA और महागठबंधन के विधायक, 2 सीटों के लिए मतदान जारी

Johar News Times
2 Min Read

सीएम हेमंत सोरेन पत्नी कल्पना सोरेन के साथ पहुंचे विधानसभा, तीनों उम्मीदवारों ने किया जीत का दावा,

झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए गुरुवार को विधानसभा के कक्ष संख्या-42 में मतदान शुरू हो गया। मतदान के लिए एनडीए और महागठबंधन के विधायक अपने-अपने ठिकानों से बसों में सवार होकर विधानसभा पहुंचे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी विधायक कल्पना सोरेन के साथ विधानसभा पहुंचे, जबकि झामुमो विधायक सीएम आवास से एक साथ मतदान के लिए रवाना हुए।

राज्यसभा चुनाव में झामुमो के बैजनाथ राम, कांग्रेस के प्रणव झा और एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी मैदान में हैं। मतदान शुरू होने से पहले तीनों उम्मीदवार विधानसभा पहुंचे और अपनी-अपनी जीत का दावा किया। बैजनाथ राम ने कहा कि उनकी जीत सुनिश्चित है और इसमें किसी तरह का संशय नहीं है। वहीं, परिमल नाथवानी ने भी अपनी जीत का भरोसा जताया।

दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में होने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। हालांकि राजनीतिक गलियारों में बैजनाथ राम की जीत लगभग तय मानी जा रही है। दूसरी सीट के लिए कांग्रेस के प्रणव झा और एनडीए समर्थित परिमल नाथवानी के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है।

मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा। इसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और रात तक नतीजे आने की संभावना है। किसी भी तरह की क्रॉस वोटिंग या टूट-फूट की आशंका को देखते हुए सभी दल अपने विधायकों को एकजुट रखने में जुटे हुए हैं।

Share This Article