सरस्वतिया नदी में कचरा फेंकना पड़ेगा महंगा, CCTV निगरानी में होगी कार्रवाई

सरस्वतिया नदी में कचरा फेंकना पड़ेगा महंगा, CCTV निगरानी में होगी कार्रवाई

Johar News Times
2 Min Read

गढ़वा: शहर की जीवनरेखा मानी जाने वाली सरस्वतिया नदी को स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। ‘आपन सरस्वतिया’ अभियान के 22वें दिन सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार ने स्पष्ट चेतावनी दी कि नदी में कचरा या गंदगी फेंकने वालों की पहचान अब सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जाएगी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।

प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि नदी की सफाई, गहरीकरण और चौड़ीकरण के बावजूद कुछ लोग दोबारा उसमें कचरा डाल रहे हैं। विशेष रूप से गन्ने का रस बेचने वाले ठेला संचालकों और कुछ अन्य व्यवसायियों पर नदी में गंदगी बहाने के आरोप सामने आए हैं।

अतिक्रमणकारियों पर भी चलेगा अभियान
एसडीएम ने कहा कि नदी के तटीय क्षेत्रों में अवैध कब्जा और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भी जल्द व्यापक अभियान चलाया जाएगा। सरस्वतिया नदी के अस्तित्व और प्रवाह को सुरक्षित रखने के लिए किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मानसून से पहले युद्धस्तर पर चल रहा डी-सिल्टिंग कार्य
मानसून के आगमन से पहले नदी को अधिकतम हिस्सों में अवरोधमुक्त करने के लक्ष्य के साथ गाद हटाने का कार्य लगातार जारी है। इस अभियान में स्थानीय नागरिकों और व्यवसायियों का भी सहयोग मिल रहा है। सोमवार को कई समाजसेवियों और व्यवसायियों ने जेसीबी मशीन उपलब्ध कराकर अभियान को गति दी।

जनआंदोलन का रूप ले चुका है अभियान
एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि पिछले 22 दिनों से चल रहा ‘आपन सरस्वतिया’ अभियान अब गढ़वा के गौरव को पुनर्स्थापित करने का जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने लोगों से नदी को स्वच्छ रखने, कचरा नहीं फेंकने और इस अभियान के सक्रिय भागीदार बनने की अपील की।

Share This Article