सरायकेला :उपायुक्त के निर्देश पर अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आंतरिक संसाधन से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित राजस्व संग्रहण लक्ष्यों तथा संसाधनों के बेहतर उपयोग को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में राजस्व प्राप्ति की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए अपर उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर राजस्व वृद्धि के नए अवसर तलाशने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विभाग आपसी समन्वय के साथ नियमित समीक्षा करें और लक्ष्य प्राप्ति के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर कार्य करें।
नगर निकायों के राजस्व संसाधनों को मजबूत बनाने के लिए विज्ञापन स्थलों का चिन्हांकन कर विज्ञापन शुल्क से आय बढ़ाने पर जोर दिया गया। साथ ही अन्य संभावित राजस्व स्रोतों की पहचान कर संग्रहण बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
परिवहन विभाग की समीक्षा के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी को अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाने, वाहन जांच अभियान को प्रभावी बनाने तथा यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
उत्पाद विभाग को अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही लाइसेंसी शराब दुकानों का नियमित निरीक्षण कर निर्धारित दरों पर बिक्री और विभागीय नियमों के पालन की निगरानी करने को कहा गया।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान अपर उपायुक्त ने बकाया वसूली अभियान को तेज करने, वैध विद्युत कनेक्शन को बढ़ावा देने और बड़े औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बिजली चोरी के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने लोगों को बिजली उपयोग से जुड़े नियमों के प्रति जागरूक करने पर भी बल दिया।
खनन विभाग को अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित निगरानी और सघन जांच अभियान संचालित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि राजस्व क्षति रोकने के लिए संबंधित विभाग समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि राजस्व से जुड़े सभी विभाग लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाएं, कर एवं शुल्क संग्रहण की नियमित समीक्षा करें तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए मासिक कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने कहा कि राज्य के विकासात्मक कार्यों में आंतरिक संसाधनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए सभी विभाग पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता के साथ कार्य करते हुए राजस्व संग्रहण को प्राथमिकता दें और निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करें।
