भाजपा पूर्वी सिंहभूम की मासिक बैठक घाटशिला में संपन्न, जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने संगठन को धार देने का दिया मंत्र

दिनेश कुमार के मार्गदर्शन में संगठन सशक्त, बूथ से जन-जन तक भाजपा का विस्तार

Johar News Times
3 Min Read

भारतीय जनता पार्टी पूर्वी सिंहभूम जिला की महत्वपूर्ण मासिक बैठक गुरुवार को घाटशिला स्थित आनंदिता पैलेस में आयोजित की गई। जिला अध्यक्ष सत्या तिवारी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्य रूप से जिला प्रभारी दिनेश कुमार उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरते हुए संगठन को और अधिक गतिशील बनाने पर जोर दिया।

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान और मोदी सरकार के 12 वर्ष पर चर्चा

बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा:

“माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सफल नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने और देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री के रूप में ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित करने के अवसर पर पार्टी कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इन कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।”

उन्होंने आगामी जनसंपर्क अभियान, “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम, मंडल स्तर की बैठकों तथा संगठन विस्तार से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा करते हुए सभी पदाधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया।

मंडल अध्यक्षों को मिले ‘मासिक बैठक रजिस्टर’

संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत और व्यवस्थित करने के लिए बैठक के दौरान सभी मंडल अध्यक्षों को प्रदेश नेतृत्व द्वारा उपलब्ध कराए गए ‘मासिक बैठक रजिस्टर’ सौंपे गए। जिला प्रभारी ने निर्देश दिया कि:

  • प्रत्येक मंडल में नियमित रूप से बैठकें आयोजित की जाएं।
  • बैठकों की समुचित प्रविष्टि रजिस्टर में अनिवार्य रूप से की जाए।
  • सभी संगठनात्मक गतिविधियों का व्यवस्थित अभिलेखीकरण सुनिश्चित हो।

मतदाता सूची पुनरीक्षण: “एक भी पात्र मतदाता न छूटे”

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम पर जोर देते हुए दिनेश कुमार ने कार्यकर्ताओं को अलर्ट मोड पर रहने को कहा। उन्होंने कहा कि सभी मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता अपने-अपने मंडल के प्रत्येक बूथ पर पैनी निगाह बनाए रखें। मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान एक भी पात्र मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए। प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता सक्रिय रहकर नए मतदाताओं का पंजीकरण, त्रुटियों का सुधार तथा मतदाता सूची के सत्यापन का कार्य गंभीरता से करें।

अनुशासन और सक्रियता ही संगठन की ताकत: सत्या तिवारी

जिला अध्यक्ष सत्या तिवारी ने कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरते हुए कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और अनुशासन पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी मंडलों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न करने का आग्रह किया।

बैठक में ये रहे मौजूद

इस महत्वपूर्ण बैठक का संचालन रोहित सिंह ने किया। बैठक में मुख्य रूप से बाबूलाल सोरेन, लखन मार्डी, पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश साव, काजल महाकुड, महामंत्री हेमंत नारायण देव उपस्थित थे।

Share This Article