जमशेदपुर में बाइक जब्ती को लेकर बवाल, युवक ने पुलिस पर 10 हजार रुपये मांगने का लगाया आरोप

जमशेदपुर में बाइक जब्ती को लेकर बवाल, युवक ने पुलिस पर 10 हजार रुपये मांगने का लगाया आरोप

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में बाइक जब्ती के मामले को लेकर गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। प्रकाश नगर निवासी संतोष सिंह ने पुलिस गश्ती दल के चालक पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए टेल्को प्लाजा रोड पर धरना दिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात संतोष सिंह अपनी काले रंग की स्प्लेंडर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुलिस गश्ती दल ने बाइक को रोक लिया। पुलिस ने बाइक के पीछे नंबर प्लेट नहीं होने का हवाला देते हुए वाहन को जब्त कर टेल्को थाना पहुंचा दिया। संतोष सिंह का आरोप है कि बाद में बाइक छोड़ने के बदले उनसे 10 हजार रुपये की मांग की गई। उन्होंने दावा किया कि गश्ती वाहन का चालक इस मामले में रकम मांग रहा था। आरोप से नाराज संतोष गुरुवार सुबह वाहन के सभी दस्तावेजों के साथ सड़क पर धरने पर बैठ गए और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया।

धरने की सूचना मिलने पर टाइगर मोबाइल की टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारी को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने शिकायत की जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद संतोष सिंह ने धरना समाप्त कर दिया। हालांकि, इस पूरे मामले पर पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, आरोपों को लेकर जांच की मांग तेज हो गई है।

Share This Article