राजकुमार यादव हत्याकांड पर उबाल, कोडरमा थाना के सामने दो घंटे तक सड़क जाम

राजकुमार यादव हत्याकांड पर उबाल, कोडरमा थाना के सामने दो घंटे तक सड़क जाम

Johar News Times
2 Min Read

कोडरमा: विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी चालक राजकुमार यादव की हत्या के बाद क्षेत्र में जनाक्रोश फूट पड़ा। गुरुवार को परिजनों और ग्रामीणों ने कोडरमा थाना के सामने मुख्य सड़क जाम कर दी, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों ने हत्या में शामिल सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा तथा मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग भी उठी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ निर्मल सोरेन, डीएसपी अरविंद कुमार समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता कर निष्पक्ष जांच व कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

वहीं, परिजनों और ग्रामीणों ने थाना प्रभारी विकास पासवान की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पहले दी गई शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई की जाती तो घटना टाली जा सकती थी। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article