हजारीबाग: कटकमदाग थाना क्षेत्र में 11 वर्षीय किशोरी और उसके तीन वर्षीय भाई की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी संजीत पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला है कि किशोरी के साथ छेड़छाड़ की कोशिश का विरोध करने पर आरोपी ने दोनों भाई-बहन की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
27 मई को दोनों बच्चे लापता हो गए थे, जिसके बाद परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। एसपी अमन कुमार के निर्देश पर गठित एसआईटी ने जांच शुरू की। 31 मई को सिंदूर श्मशान घाट के पास बच्ची का शव बरामद हुआ, जबकि उसके तीन वर्षीय भाई का शव पास के एक कुएं से मिला। दोनों के शरीर पर गला घोंटने के निशान पाए गए।
पुलिस के अनुसार, वाहन शोरूम में काम करने वाला आरोपी बच्ची को पहले से जानता था। उसने मोबाइल दिलाने का झांसा देकर दोनों बच्चों को स्कूटी से सुनसान इलाके में ले गया। वहां किशोरी के साथ जबरदस्ती का प्रयास किया। विरोध और शोर मचाने पर उसने पहले किशोरी और फिर उसके छोटे भाई की हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी ने बच्चे के शव को प्लास्टिक के बोरे में भरकर कुएं में फेंक दिया, जबकि किशोरी के शव को नदी में ठिकाने लगा दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल स्कूटी और प्लास्टिक का बोरा भी बरामद कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
