रांची : पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने संदेश में कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन हिंसा और हमलों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध का जवाब तर्क, संवाद और जनमत से दिया जाना चाहिए, न कि भय और बल प्रयोग से।
हेमंत सोरेन ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती संवाद, सहिष्णुता और आपसी सम्मान में निहित है। किसी भी जनप्रतिनिधि पर हमला लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है और ऐसे मामलों में दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि वह इस घटना की कड़ी निंदा करते हैं और संबंधित एजेंसियों से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग करते हैं।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। घटना को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और मामले को लेकर राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
