‘जरूरत पड़े तो झारखंड भेजें’ : अभिषेक बनर्जी के इलाज पर डॉ. इरफान अंसारी का प्रस्ताव

‘जरूरत पड़े तो झारखंड भेजें’ : अभिषेक बनर्जी के इलाज पर डॉ. इरफान अंसारी का प्रस्ताव

Johar News Times
2 Min Read

रांची : पश्चिम बंगाल में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के घायल होने की घटना पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने चिंता जताई है। उन्होंने इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि यदि किसी राजनीतिक दबाव या प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण अभिषेक बनर्जी को उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

डॉ. अंसारी ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन किसी जनप्रतिनिधि की सुरक्षा और स्वास्थ्य से समझौता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनावी हार-जीत राजनीति का हिस्सा है, मगर किसी के जीवन और स्वास्थ्य को खतरे में डालने वाली घटनाएं लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों के सम्मान से चलता है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड सरकार हमेशा लोकतांत्रिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के पक्ष में रही है।

डॉ. इरफान अंसारी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बर्नजी को पत्र लिखकर अभिषेक बनर्जी के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़े तो अभिषेक बनर्जी को बेहतर इलाज के लिए झारखंड भेजा जा सकता है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार उनकी सुरक्षा और उपचार की पूरी व्यवस्था करने के लिए तैयार है। स्वास्थ्य मंत्री ने अभिषेक बनर्जी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

Share This Article