नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, मणिपुर पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन कांगलेपाक कम्युनिस्ट पार्टी (KCP) के एक बड़े कमांडर को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हाओबिजाम दिलीप सिंह के रूप में हुई है, जो लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था।
जानकारी के अनुसार, आरोपी दिल्ली में एक गुप्त बैठक के सिलसिले में पहुंचा था। सुरक्षा एजेंसियों को उसके दिल्ली आने की सूचना पहले ही मिल चुकी थी, जिसके बाद संयुक्त ऑपरेशन चलाकर उसे दबोच लिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी पर गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत दर्ज एक दर्जन से अधिक मामले लंबित हैं। गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं और आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह किन लोगों के संपर्क में था और संगठन की आगे की क्या योजना थी।
छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से कई बैग, प्लास्टिक सामग्री और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। एजेंसियां मोबाइल फोन के कॉल रिकॉर्ड, चैट और अन्य डिजिटल डेटा की जांच कर रही हैं ताकि उसके नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर मणिपुर के काकचिंग इलाके में भी बड़ी कार्रवाई की गई। वहां से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किए गए हैं। सुरक्षा बलों ने एक AK-56 राइफल, अमोग राइफल, AI राइफल और स्कोप लगी M4 राइफल समेत कई आधुनिक हथियार जब्त किए हैं।
इसके अलावा इंसास, AK, SLR, M4 और LMG राइफलों की कई मैगजीन भी बरामद हुई हैं। जांच एजेंसियों ने 51 हाई एक्सप्लोसिव बम, दो पैरा बम, 11 डेटोनेटर और चार लेथोड शेल भी जब्त किए हैं। बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी साजिश को विफल कर दिया गया है। मामले में आगे भी कई गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।
