गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिले के चिनिया थाना क्षेत्र स्थित मसरा जंगल में मिले युवक के कंकाल मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में एक दंपती को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। जांच में सामने आया है कि प्रेम-प्रसंग और अवैध संबंध के शक में युवक की लाठी से पीट-पीटकर हत्या की गई थी।
थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में चिनिया थाना प्रभारी बीकू कुमार रजक ने बताया कि मसरा गांव निवासी जयमंगल सिंह 13 मई से लापता था। काफी खोजबीन के बाद बुधवार को उसका कंकाल मसरा जंगल से बरामद किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच टीम और फॉरेंसिक टीम का गठन किया गया।
पुलिस जांच में पता चला कि मृतक जयमंगल सिंह का गांव के ही सुदामा सिंह की पत्नी चुरामनी देवी के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। 13 मई की रात गांव में एक बारात आई हुई थी। उसी दौरान जयमंगल और चुरामनी देवी गांव के समीप एक खेत की ओर चले गए। इसी बीच सुदामा सिंह ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने जयमंगल पर लाठी से हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, हमले में जयमंगल की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी पति-पत्नी ने शव को छिपाने की नीयत से मसरा जंगल में फेंक दिया ताकि किसी को घटना की जानकारी न मिल सके।
तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इस मामले के खुलासे में पुलिस इंस्पेक्टर अभिजीत कुमार, गौतम मिश्रा, थाना प्रभारी बीकू कुमार रजक, अवर निरीक्षक राधेश्याम राम, सुखराम उरांव, ओमप्रकाश कुमार समेत चिनिया थाना की टीम की अहम भूमिका रही।
