जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र में पुलिस ने बंद घर में चोरी करते एक शातिर चोर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर, नकदी और चोरी के उपकरण बरामद हुए हैं। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
गश्त के दौरान पकड़ा गया आरोपी
26-27 मई की रात पुलिस गश्त के दौरान सूचना मिली कि एलएफएस स्कूल के सामने एक बंद घर में दो युवक घुसे हैं। मौके पर पहुंचने पर बाहर स्प्लेंडर बाइक खड़ी थी और दोनों युवक अंदर ताला तोड़ रहे थे। पुलिस के पहुंचते ही एक भाग गया, जबकि दूसरे को कटर से ताला काटते हुए पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार और फरार आरोपी
गिरफ्तार आरोपी शुभम कुमार उर्फ छोटू (28) है, जो गोलमुरी के नामदा बस्ती (न्यू विकास कॉलोनी) में किराये पर रहता है। उसने फरार साथी का नाम मो. राजू उर्फ जीवन बनर्जी उर्फ विजय मुंडा बताया, जो जुगसलाई के गरीब नवाज कॉलोनी का निवासी है।
चोरी का सामान और स्वीकारोक्ति
पुलिस के अनुसार दोनों ने बिष्टुपुर, सीतारामडेरा, बागबेड़ा और टेल्को में कई चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। शुभम की निशानदेही पर उसके घर से आभूषण, 58,130 रुपये नकद, कटर, पेचकस, प्लास और कटा हुआ ताला बरामद हुआ।
फर्जी नंबर प्लेट और पुराना रिकॉर्ड
जांच में सामने आया कि स्प्लेंडर प्लस बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। शुभम पहले भी सोनारी थाना क्षेत्र के एक चोरी मामले में आरोपी रह चुका है। टेल्को थाना में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
