झारखंड के पलामु जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र स्थित लोहरा गांव में ऑनर किलिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। प्रेम संबंध से नाराज एक पिता ने अपनी ही बेटी की टांगी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार लोहरा गांव निवासी अगस्त कुमार अपनी बेटी अंजलि के प्रेम संबंधों को लेकर काफी नाराज था। बताया जा रहा है कि उसने बेटी को मोबाइल पर एक युवक से बातचीत करते देखा था। मोबाइल में कुछ तस्वीरें देखने के बाद वह और अधिक आक्रोशित हो गया था। ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी इसे परिवार की बदनामी मान रहा था, जिससे घर में लंबे समय से तनाव का माहौल था।
रविवार देर रात अंजलि अपने कमरे में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी पिता टांगी लेकर कमरे में पहुंचा और उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। अचानक हुए हमले में अंजलि को संभलने का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय घर में उसकी मां और भाई भी मौजूद थे, लेकिन सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि वे बचाव नहीं कर सके।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतका के घर के बाहर जुट गए। गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
सूचना मिलने पर लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है तथा आरोपी पिता की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
