जनवरी 2026 से लंबित डीए जारी करने की मांग को लेकर बीएसएनएल पेंशनरों का प्रदर्शन, केंद्र सरकार से जल्द आदेश जारी करने की अपील

जनवरी 2026 से लंबित डीए जारी करने की मांग को लेकर बीएसएनएल पेंशनरों का प्रदर्शन, केंद्र सरकार से जल्द आदेश जारी करने की अपील

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर में बुधवार को बीएसएनएल पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन (BSNL PWA) के बैनर तले विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम केंद्रीय संगठन (CHQ) के आह्वान पर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बीएसएनएल के सेवानिवृत्त कर्मचारी और पेंशनधारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने जनवरी 2026 से लंबित महंगाई राहत (डीए/डीआर) आदेश को तत्काल जारी करने की मांग उठाई।

पेंशनरों का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच डीए रोक दिए जाने से बुजुर्ग पेंशनधारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दूरसंचार विभाग (DoT) द्वारा अब तक डीए/डीआर संबंधी आदेश जारी नहीं किए जाने से हजारों पेंशनभोगी प्रभावित हैं।

धरना के दौरान वक्ताओं ने केंद्र सरकार से जल्द निर्णय लेने और लंबित डीए भुगतान का आदेश जारी करने की मांग की। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि देशभर में 20 मई को इसी मुद्दे को लेकर आंदोलन और धरना कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। हाल ही में बीएसएनएल/एमटीएनएल पेंशनर्स संगठनों की संयुक्त समिति (CBMPA) ने भी डीए/डीआर आदेश जारी करने को लेकर राष्ट्रव्यापी आंदोलन का ऐलान किया था।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से बीएसएनएल पीडब्ल्यूए के अध्यक्ष वीके जयपुरियार, सचिव लाल बिहारी, कोषाध्यक्ष ए.एन. गुप्ता समेत कई सदस्य मौजूद रहे। सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष वीके जयपुरियार ने आंदोलन को सफल बनाने के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया और कहा कि पेंशनरों की जायज मांगों को लेकर संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट joharnewstimes.com को लाइक और सब्सक्राइब करें।

Share This Article