चाईबासा में खड़े ट्रेलर से टकराई बाइक, युवक की मौत

चाईबासा में खड़े ट्रेलर से टकराई बाइक, युवक की मौत

Johar News Times
2 Min Read

अस्पताल ले जाते समय टूटी सांसें, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसे में 34 वर्षीय युवक परदेसी खंडाइत की मौत हो गई। हादसा बिंदीबासा स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, परदेसी खंडाइत जयपुर गांव का रहने वाला था और बेंगलुरु में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह शनिवार को ही गांव लौटा था। गांव में छठियारी कार्यक्रम आयोजित था, जिसमें शामिल होने के साथ वह अपने बच्चे के लिए कपड़े खरीदने जगन्नाथपुर बाजार गया था। खरीदारी के बाद बाइक से घर लौटने के दौरान हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत हाटगम्हरिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक अपने पीछे पत्नी और चार छोटे बच्चों को छोड़ गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ट्रेलर सड़क किनारे किस परिस्थिति में खड़ा था।

Share This Article