115 से अधिक छात्र-छात्राओं को मेडल, ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के टॉपर्स को भी मिला विशेष सम्मान, बीडीओ पवन कुमार ने छात्रों को किया प्रेरित
मुसाबनी। जीसीजेड़ी +2 उच्च विद्यालय, मुसाबनी ने एक बार फिर शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में अपनी सक्रियता और उत्कृष्ट परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार को विद्यालय सभागार में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया। कार्यक्रम में खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों तथा इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में बेहतर परिणाम लाने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुसाबनी के प्रखंड विकास पदाधिकारी पवन कुमार थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी अशोक अग्रवाल उपस्थित रहे। इसके अलावा विद्यालय के सचिव कुंदन कुमार सिंह, संत जोसेफ कॉन्वेंट हाई स्कूल के शिक्षक श्यामा चौधरी एवं हिंडोल चटर्जी, आर.के. फाउंडेशन के निदेशक विमल सेनापति, हिमांशु पात्र, लक्ष्मण चंद्र बाग सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सत्यनारायण ओझा ने की।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई तथा विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। स्वागत भाषण प्राचार्य मुरारी प्रसाद सिंह ने दिया।
इस अवसर पर वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 115 से अधिक छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के विभिन्न संकायों के टॉपर्स को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया। विज्ञान संकाय में कोमालिका नारायण देव, रौनक प्रवीण एवं सुमन मार्डी, वाणिज्य संकाय में शगुफ्ता प्रवीण, राकेश किस्कू एवं कहकशा फिरदौस तथा कला संकाय में जोगेंद्र मुर्मू, ज्योति कुमारी एवं नेहा टुडू को सम्मानित किया गया।
विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी पवन कुमार को मोमेंटो एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में बीडीओ पवन कुमार ने कहा कि समाज का निर्माण गुरु करते हैं, इसलिए गुरु का सम्मान सदैव होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के प्रति लगन एवं अनुशासन बनाए रखने की प्रेरणा दी। इस दौरान उन्होंने मां पर स्वरचित कविता पाठ कर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।

वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में फुटबॉल, क्रिकेट सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के हाथों सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं संचालन में विद्यालय के प्राचार्य मुरारी प्रसाद सिंह, उप प्राचार्य निराकार साहू सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — joharnewstimes.com
