रांची: वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर से मिले कांग्रेसी नेता शमशेर खान, संगठन में ‘गुटबाजी और चापलूसी’ पर जताई गहरी चिंता

रांची में बड़ी सियासी हलचल: वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर से मिले शमशेर खान; अफसरशाही और परिवारवाद पर उठाए गंभीर सवाल!

Johar News Times
3 Min Read

जिला कांग्रेस के वरिष्ठ और कद्दावर नेता शमशेर खान ने सोमवार को राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर से उनके रांची स्थित सरकारी आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच सरकार की कार्यप्रणाली, संगठन की वर्तमान स्थिति और आम जनता से जुड़े गंभीर मुद्दों पर बेहद अहम और लंबी चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान शमशेर खान ने सरकार की कार्यप्रणाली पर खुलकर अपनी राय रखी। उन्होंने वित्त मंत्री को जमीनी हकीकत से अवगत कराते हुए कहा कि सरकार में कांग्रेस की मजबूत भागीदारी होने के बावजूद जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा है।

उन्होंने ब्यूरोक्रेसी पर सवाल उठाते हुए कहा, “कई सरकारी पदाधिकारी पूरी तरह मनमाने ढंग से काम कर रहे हैं। प्रखंड और अंचल कार्यालयों में जनता के छोटे-छोटे काम भी महीनों तक लंबित पड़े रहते हैं। इससे आम जनता में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है, जिसका खामियाजा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।”

संगठनात्मक मामलों पर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए शमशेर खान ने पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड कांग्रेस में लंबे समय से चल रहा आंतरिक विवाद संगठन को दीमक की तरह कमजोर कर रहा है।

श्री खान ने सीधे तौर पर कहा कि प्रदेश कांग्रेस में जमीन से जुड़े पुराने और समर्पित नेताओं की लगातार उपेक्षा की जा रही है, जबकि ‘चापलूसी और गणेश परिक्रमा’ करने वाले लोगों को तरजीह मिल रही है। परिवारवाद पर तीखा निशाना साधते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इसमें सुधार नहीं किया गया, तो पार्टी को भविष्य में इसका भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।


शमशेर खान ने वित्त मंत्री से आग्रह किया कि वे केंद्रीय और शीर्ष नेतृत्व से बातचीत कर झारखंड कांग्रेस के इस अंदरूनी विवाद को जल्द से जल्द खत्म कराएं। उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि आने वाले वर्ष में राज्य में पंचायत चुनाव होने हैं; अगर समय रहते आपसी मतभेद दूर नहीं किए गए, तो इसका सीधा और नकारात्मक असर चुनावी परिणामों पर पड़ेगा।

वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने शमशेर खान द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को बेहद गंभीरता से सुना। उन्होंने संगठन को एकजुट रखने और सरकार के कामकाज में सुधार लाने के लिए जल्द ही सकारात्मक पहल करने का पूरा भरोसा दिलाया है।

Share This Article