कुसियारा गांव में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ मंडा पूजा महोत्सव

कुसियारा गांव में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ मंडा पूजा महोत्सव

Johar News Times
3 Min Read

छऊ नृत्य, फूल खुंदी और बनस झूला ने बांधा समां, विधायक रोशन लाल चौधरी ने किया उद्घाटन,

श्रीश्री मंडा पूजा समिति कुशियारा भंडरा के तत्वावधान में शनिवार की देर शाम बासल क्षेत्र के कुसियारा गांव में पारंपरिक आस्था, संस्कृति और उत्साह के साथ मंडा पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक रोशन लाल चौधरी ने फीता काटकर किया। विधायक के साथ विशिष्ट अतिथि पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष मनोज राम, मुखिया संदीप उरांव, पूर्व मुखिया रामदास बेदिया, शिवप्रसाद मुंडा, किरण यादव, अशोक महतो, मनोज महतो, मोहित महतो, प्रकाश महतो एवं किशोर महतो मौजूद थे। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक रोशनलाल चौधरी ने कहा कि मंडा पूजा झारखंड की समृद्ध आदिवासी एवं लोक संस्कृति की पहचान है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में भाईचारा, एकता और पारंपरिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़कर रखना समय की आवश्यकता है।

मंडा पूजा के अवसर पर गांव में भक्तिमय माहौल बना रहा। पूजा में 35 भोक्ता एवं 101 सकताइनों ने भाग लिया। इस दौरान पारंपरिक लोक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों का मन मोह लिया। आयोजन में लोटन सेवा, मच्छर गोथा, फूल खुंदी, बनस गोथाय, बनस झूला तथा आकर्षक छऊ नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। इस दौरान रविवार की अहले सुबह श्रद्धालुओं ने दहकते अंगारों पर चलकर एवं बनस झूला पर झूलकर शिव भक्ति का परिचय दिया। वहीं मेला और छऊ नृत्य देखने के लिए दर्जनों गांवों के सैंकड़ों लोग पहुंचे। लोगों ने जमकर खरीदारी करते हुए एक से बढ़कर एक लजीज व्यंजनो का भी लुत्फ उठाया। कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष विशाल कुमार, सचिव अशोक कुमार महतो, कोषाध्यक्ष अशोक पटेल, उपसचिव रामकुमार महतो सहित सदस्य नवीन, चंदन, सुशील, आदित्य, रामश्याम, हरेंद्र, सुनील, प्रेम, रंजीत, पवन और प्रीतम समेत दर्जनों ग्रामवासियों की सराहनीय भूमिका रही। ग्रामीणों ने एकजुट होकर पूरे आयोजन को सफल बनाया।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article