बोकारो और आसपास के रेल यात्रियों को अगले कुछ दिनों तक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में 18 से 24 मई 2026 तक संयुक्त रोलिंग ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान इंजीनियरिंग, टीआरडी तथा सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन विभाग द्वारा अनुरक्षण कार्य किया जाएगा, जिसका असर कई ट्रेनों के परिचालन पर पड़ेगा।
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 68079/68080 भोजूडीह–चंद्रपुरा–भोजूडीह मेमू ट्रेन 19, 22 और 24 मई को रद्द रहेगी। वहीं 68077/68078 आद्रा–भागा–आद्रा मेमू 21 और 24 मई को रद्द की गई है। इसके अलावा 68046/68045 आसनसोल–आद्रा मेमू ट्रेन 22 मई को रद्द रहेगी। इन ट्रेनों से बोकारो, चंद्रपुरा, भोजूडीह और धनबाद क्षेत्र के बड़ी संख्या में यात्री प्रतिदिन सफर करते हैं।
रेलवे ने यह भी बताया है कि आसनसोल–टाटानगर मेमू, आसनसोल–पुरुलिया मेमू और खड़गपुर–हटिया एक्सप्रेस को कुछ दिनों के लिए केवल आद्रा स्टेशन तक ही चलाया जाएगा। इससे बोकारो होकर यात्रा करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है।
इसके अलावा टाटानगर- हटिया एक्स्प्रेस के मार्ग में भी बदलाव किया गया है। यह ट्रेन अब चांडिल–पुरुलिया–कोटशिला–मुरी मार्ग के बजाय चांडिल–गुंडा बिहार–मुरी मार्ग से चलेगी। इस बदलाव का सीधा असर पुरुलिया और कोटशिला होकर यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
