झारखंड के गढ़वा स्थित मंडल कारा में शनिवार देर रात प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार ने किया। अचानक हुई इस छापेमारी से जेल परिसर में हड़कंप मच गया।
अधिकारियों की टीम भारी पुलिस बल के साथ जेल पहुंची और सभी वार्डों, सेल, अस्पताल, रसोईघर समेत पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। करीब दो घंटे तक चले इस अभियान में अलग-अलग थानों के थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक और बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी शामिल रहे।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि जेल के अंदर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई थी। तलाशी अभियान के दौरान मोबाइल फोन, नशीले पदार्थ, हथियार या अन्य कोई प्रतिबंधित सामान बरामद नहीं हुआ।
एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि यह नियमित जांच प्रक्रिया का हिस्सा था। जांच के दौरान जेल के भीतर स्थिति पूरी तरह सामान्य और शांतिपूर्ण पाई गई। साथ ही जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और सख्त रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
