भारतीय मजदूर संघ झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को रिवर साइड स्थित सीसीएल ऑफिसर्स क्लब में शुरू हुई। इस बैठक में मुख्य रूप से भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बी. सुरेंद्रन और विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय संगठन मंत्री धर्मदास शुक्ला शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बलिराम यादव और मंच संचालन राजीव रंजन सिंह ने किया।
महापुरुषों के नमन के साथ हुआ शंखनाद
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, भगवान विश्वकर्मा और भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके बाद सीसीएल कोलियरी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष निर्गुण महतो और महामंत्री शशिभूषण सिंह ने मंचासीन पदाधिकारियों का अंगवस्त्र और पौधा भेंट कर पारंपरिक स्वागत किया।
बदलते समय में तकनीक और लीडरशिप पर जोर: बी. सुरेंद्रन
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी. सुरेंद्रन ने दो दिवसीय बैठक के एजेंडे पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा:
“आज श्रमिकों की सोच बदल रही है। बदलते समय के साथ हमें टेक्नोलॉजी का उपयोग करना होगा और नई लीडरशिप भी डेवलप करनी होगी। संगठन को मजबूत करने के लिए सभी स्तरों पर एडमिनिस्ट्रेशन से अच्छा कम्युनिकेशन और पब्लिक रिलेशन बनाना जरूरी है। झारखंड के हर जिले में संघ का अपना कार्यालय होना चाहिए।”
HEC धुर्वा के कर्मियों का उठा मुद्दा, आंदोलन की सुगबुगाहट
बैठक में एचईसी धुर्वा के श्रमिकों की दयनीय स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। बी. सुरेंद्रन ने कहा कि एचईसी कर्मियों को पिछले 30 महीनों से वेतन नहीं मिला है, जो कि बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी ट्रेड यूनियनों को ‘संघी भाव’ से एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा। श्रमिकों के हक और हितों की रक्षा के लिए प्रबंधन और राज्य सरकार पर चौतरफा दबाव बनाया जाएगा।
बैठक में ये दिग्गज रहे मौजूद
उद्घाटन सत्र में बीसीसीएल कोलियरी कर्मचारी संघ के महामंत्री सह कोल इंडिया सेफ्टी बोर्ड सदस्य उमेश सिंह, भवन निर्माण प्रदेश अध्यक्ष बृजकिशोर राम, सीसीएल कोलियरी कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष जेपी झा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रविंद्र मिश्रा, सीसीएल सेफ्टी बोर्ड सदस्य विशाल कुमार, हजारीबाग जिला महामंत्री माया देवी, शिवा कुमार, दिलीप कुमार, सुभाष चंद्र ओझा, शंभू सिंह, श्रीकांत गुप्ता, अनिल पासवान, संतोष पांडेय, सुखचैन सिंह, सुधीर सिंह, कन्हैया सिंह यादव, नौशाद आलम और संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व श्रमिक प्रतिनिधि उपस्थित थे।
