सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से दिनदहाड़े फायरिंग कर डेढ़ लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे मामले का खुलासा चांडिल एसडीपीओ अरविंद विन्हा ने एक प्रेस वार्ता के दौरान किया।
7 मई को दिनदहाड़े दी गई थी वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, यह घटना बीते 7 मई 2026 को दोपहर करीब 3:15 बजे की है। चांडिल थाना क्षेत्र के कपाली ओपी अंतर्गत डैमडूबी अंसारनगर में रबाना खातून के घर के पास अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर माइक्रो फाइनेंस कर्मी को निशाना बनाया था। अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की और कर्मी के पास से लगभग 1,50,000 रुपये लूटकर फरार हो गए थे। घटना के संबंध में चांडिल थाना में कांड संख्या 67/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस की विशेष टीम ने सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से दबोचा
लूट की इस गंभीर वारदात के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और गुप्तचरों की मदद से सघन छापेमारी अभियान चलाया।
इस कड़े अभियान के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी तारिक कुरैशी उर्फ अयान कुरैशी को धर-दबोचा। आरोपी मूल रूप से डैमडूबी अंसारनगर का ही रहने वाला है, जिसका वर्तमान पता नागपुर के उमरेड रोड स्थित अवलिया नगर के पास बताया जा रहा है।
हथियार और लूट की रकम की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी
चांडिल एसडीपीओ अरविंद विन्हा ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और लूटी गई रकम की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है। इसके साथ ही इस घटना में शामिल अन्य सह-अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।
