चाईबासा के अडानी एसीसी सीमेंट प्लांट में उत्पादन ठप, 1500 ठेका श्रमिकों पर संकट

चाईबासा के अडानी एसीसी सीमेंट प्लांट में उत्पादन ठप, 1500 ठेका श्रमिकों पर संकट

Johar News Times
2 Min Read

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी स्थित एसीसी लिमिटेड सीमेंट प्लांट में उत्पादन पूरी तरह बंद हो जाने से कर्मचारियों और श्रमिकों के बीच चिंता बढ़ गई है। एक अप्रैल से सीमेंट उत्पादन बंद है, जबकि तीन मई से पावर प्लांट समेत पूरी यूनिट का संचालन भी ठप कर दिया गया है। इससे करीब 1500 ठेका श्रमिकों के सामने रोजगार संकट गहरा गया है।

जानकारी के अनुसार अडानी ग्रुप ने सितंबर 2022 में एसीसी का अधिग्रहण किया था। झींकपानी स्थित इस प्लांट की उत्पादन क्षमता प्रतिदिन लगभग 2500 टन बताई जाती है। स्थानीय चूना पत्थर खदान बंद होने के बाद यहां बरगढ़ और सिंदरी प्लांट से क्लिंकर मंगाकर सीमेंट उत्पादन किया जा रहा था। लेकिन 31 मार्च के बाद क्लिंकर की आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई, जिसके कारण उत्पादन रोकना पड़ा। प्लांट में वर्तमान में करीब 70 स्थायी कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें लगभग 30 प्रबंधकीय स्तर के अधिकारी और 40 एसएफए श्रेणी के कर्मचारी शामिल हैं। वहीं छह ठेका कंपनियों के माध्यम से लगभग 1500 श्रमिक विभिन्न विभागों में काम कर रहे हैं। इनमें जमुना कुमारी, पियूष कंस्ट्रक्शन, सिंह एंड सन्स, राजा इंटरप्राइजेज और सिंह इंटरप्राइजेज जैसी एजेंसियां प्रमुख हैं।

उत्पादन बंद होने के बाद सबसे अधिक चिंता ठेका श्रमिकों में देखी जा रही है। श्रमिकों का कहना है कि यदि लंबे समय तक प्लांट बंद रहा तो उनके सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।

कंपनी प्रबंधन की ओर से अब तक प्लांट बंदी या कर्मचारियों के भविष्य को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि झींकपानी जैसे औद्योगिक क्षेत्र में इतने बड़े उत्पादन केंद्र के बंद होने से परिवहन, छोटे कारोबार, श्रमिक परिवारों और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था पर व्यापक असर पड़ सकता है। फिलहाल सभी की नजर कंपनी प्रबंधन के अगले फैसले और उत्पादन दोबारा शुरू होने की संभावनाओं पर टिकी हुई है।

Share This Article