जमशेदपुर के मानगो रोड स्थित नेशनल इलेक्ट्रॉनिक के सामने गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पेड़ जड़ से टूटकर सड़क से गुजर रही एक फॉर्च्यूनर गाड़ी पर जा गिरा। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंटेनर काफी तेज गति में था। अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कंटेनर सीधे पेड़ से जा भिड़ा। पेड़ गिरने से फॉर्च्यूनर वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय वाहन में दो लोग सवार थे, जो घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद कुछ समय तक मानगो रोड पर यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिसे बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सामान्य कराया गया।
सूचना मिलते ही उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर को जब्त कर थाना ले गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है।
ताजा खबरों और हर अपडेट के लिये जुड़े रहें — joharnewstimes.com










