1.आशा भोसले फ्यूनरल: ‘एक युग का अंत’ अमिताभ बच्चन का भावुक श्रद्धांजलि, राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई, सचिन तेंदुलकर समेत कई दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि
भारतीय संगीत जगत की दिग्गज पार्श्व गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। बताया गया कि वह मल्टी-ऑर्गन फेल्योर से जूझ रही थीं और एक दिन पहले ही उन्हें सीने में संक्रमण और थकान के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके निधन के साथ ही भारतीय सिनेमा के एक स्वर्णिम युग का अंत हो गया है। पूरे देश में शोक की लहर है और फिल्म, संगीत व खेल जगत की हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी lमहान अभिनेता अमिताभ बच्चन ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए इसे “एक पूरे युग का अंत” बताया। क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजलि तेंदुलकर के साथ उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। इसके अलावा तब्बू, शत्रुघ्न सिन्हा, अनुराधा पौडवाल, रितेश देशमुख, सुप्रिया सुले, उद्धव ठाकरे और शान समेत कई हस्तियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

2.मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आशा भोसले के निधन पर जताया शोक, कहा—संगीत जगत की अपूरणीय क्षति
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिग्गज पार्श्व गायिका आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में उन्होंने कहा कि आशा भोसले केवल एक गायिका नहीं थीं, बल्कि भारतीय संगीत की एक युगधारा थीं, जिनकी आवाज ने पीढ़ियों को जोड़ने का काम किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके गीतों ने हर दौर के लोगों के दिलों में खास जगह बनाई और संगीत जगत में उनका योगदान अतुलनीय है। उन्होंने इसे देश के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि इस कमी की भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि कि आशा भोसले ने अपने लंबे और सफल करियर में हजारों गीतों को अपनी आवाज दी और भारतीय सिनेमा को समृद्ध किया। उनके गीत आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

3.नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में पीएम मोदी का संबोधन,,लोकतंत्र में महिलाओं को आरक्षण देने पर जोर, कहा—नारी शक्ति देश की ताकत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी शक्ति वंदन सम्मेलन को संबोधित करते हुए देश के लोकतांत्रिक ढांचे में महिलाओं को आरक्षण देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत की नारी शक्ति ने अपने परिश्रम, साहस और आत्मविश्वास से नई ऊंचाइयों को छुआ है और अब समय आ गया है कि उन्हें और अधिक अवसर देकर सशक्त बनाया जाए। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश 21वीं सदी के सबसे बड़े निर्णयों में से एक की ओर बढ़ रहा है, जो महिलाओं के सशक्तिकरण को समर्पित होगा। उन्होंने कहा कि संसद एक नया इतिहास रचने जा रही है, जो अतीत और भविष्य की आकांक्षाओं को पूरा करेगा। उन्होंने बताया कि 16, 17 और 18 तारीख को संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण से जुड़ा ऐतिहासिक फैसला आकार ले सकता है। नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2023 में नए संसद भवन में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के रूप में इसकी शुरुआत की गई थी, ताकि इसे समय पर लागू किया जा सके। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मसम्मान और लोकतांत्रिक भागीदारी को सुनिश्चित करता है।

4.लैंड स्कैम केस में निलंबित IAS विनय चौबे को सुप्रीम कोर्ट से सशर्त जमानत
निलंबित आईएएस अधिकारी विनय चौबे को लैंड स्कैम मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने उन्हें सशर्त जमानत प्रदान की है। अब वे जेल से बाहर आ सकेंगे, क्योंकि इससे पहले भी उन्हें शराब घोटाला और आय से अधिक संपत्ति मामले में डिफॉल्ट बेल मिल चुकी है। सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस बी. वी. नागारथना और जस्टिस उज्ज्वल भुईयां की खंडपीठ ने उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया।अदालत ने जमानत देते हुए कुछ सख्त शर्तें भी लगाई हैं। कोर्ट ने निर्देश दिया है कि विनय चौबे देश छोड़कर नहीं जा सकते और मामले से जुड़े गवाहों से दूरी बनाए रखेंगे। हालांकि, उन्हें राहत जरूर मिली है, लेकिन केस की सुनवाई और जांच प्रक्रिया जारी रहेगी।

5.छत्तीसगढ़: कांकेर मुठभेड़ में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता, 5 लाख की इनामी महिला नक्सली कमांडर ढेर, लंबे समय से थी तलाश
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सोमवार सुबह सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली, जब नक्सल विरोधी अभियान के दौरान मुठभेड़ में 5 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली को मार गिराया गया। मारी गई नक्सली की पहचान माओवादी एरिया कमांडर और प्रतापपुर क्षेत्र समिति की सदस्य के रूप में हुई है, जिसकी लंबे समय से तलाश की जा रही थी।पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के अनुसार, यह मुठभेड़ छोटे बेतिया थाना क्षेत्र के घने जंगली इलाके में हुई। सुरक्षाबलों की टीम जब नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी, तभी नक्सलियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक महिला नक्सली ढेर हो गई। घटनास्थल से महिला नक्सली का शव और एक हथियार बरामद किया गया है। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और अन्य नक्सलियों की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि मारी गई महिला नक्सली कांकेर क्षेत्र में कई नक्सली गतिविधियों में शामिल रही थी। उस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

6.पलामू में रिश्तों का खौफनाक अंत, भाई ने नाबालिग बहन की गला काटकर हत्या की, खुद रेलवे ट्रैक के पास दी जान
झारखंड के पलामू जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां रिश्तों को शर्मसार करते हुए एक युवक ने अपनी नाबालिग बहन की गला काटकर हत्या कर दी और बाद में खुद भी रेलवे ट्रैक के पास जान दे दी। घटना सदर प्रखंड के कौड़िया पंचायत अंतर्गत बखारी गांव के पीपरडीह टोला की है l जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय खुशबू कुमारी अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। रविवार रात वह अपने 22 वर्षीय ममेरे भाई बिट्टू कुमार सिंह उर्फ टिंकू के साथ एक ही कमरे में सोई हुई थी। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर बिट्टू ने घर में रखी टांगी से खुशबू का गला काटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया।सोमवार सुबह बिट्टू कुमार सिंह का शव रेलवे ट्रैक के किनारे बरामद हुआ। आशंका जताई जा रही है कि उसने आत्महत्या कर ली।

7.मनरेगा कर्मियों का आंदोलन तेज, 15-16 अप्रैल को मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के आवास पर धरना
झारखंड में मनरेगा कर्मियों का आंदोलन अब तेज हो गया है। राज्य के मनरेगा कर्मी 15 और 16 अप्रैल को ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के पुराना विधानसभा स्थित आवास के समक्ष धरना देंगे। यह कार्यक्रम झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ के बैनर तले आयोजित किया जाएगा, जिसकी सूचना प्रशासन को दे दी गई है। संघ के अध्यक्ष अनिरुद्ध पांडेय ने कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों पर सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है, जिससे कर्मी आंदोलन के लिए मजबूर हैं। धरना-प्रदर्शन के दौरान कर्मी नियमितीकरण, मानदेय बढ़ोतरी, सेवा सुरक्षा और बीमा सुविधा समेत अन्य मांगों को प्रमुखता से उठाएंगे। साथ ही, ओडिशा राज्य की तर्ज पर नियमितीकरण की मांग भी की जाएगी। मनरेगा कर्मी पिछले 12 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, जिसके कारण राज्य में मनरेगा से जुड़े कई कार्य प्रभावित हो गए हैं।

8.बालाजी मेटल प्लांट में लगी भीषण आग, अग्निशमन दल ने पाया काबू
कुजू क्षेत्र के बोंगावार स्थित बालाजी मेटल प्लांट में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, करीब तीन बजे प्लांट में जमीन पर रखे ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग बेकाबू हो गई। इधर, पास में रखे पांच तेल के ड्रमों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लपटें और तेज हो गईं। ट्रांसफार्मर से उठता काला धुआं आसपास के इलाके में फैल गया, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। आग की लपटें इतनी तेज थी कि आसपास के घरों के लोग भी सहम उठे। सूचना मिलते ही रामगढ़ अग्निशमन विभाग के दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया l

9.बोकारो में कैंडल मार्च के दौरान बवाल, विधायक जयराम महतो ने युवक का मोबाइल तोड़ा, महिलाओं के विरोध से गरमाया माहौल
बोकारो जिला के चास में रविवार शाम पुष्पा महतो हत्याकांड को लेकर निकाले गए कैंडल मार्च के दौरान हंगामा हो गया। इस दौरान झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के विधायक जयराम महतो गुस्से में नजर आए और एक युवक का मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे मौके पर मौजूद भीड़ आक्रोशित हो गई। जानकारी के अनुसार, पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र की युवती पुष्पा महतो के अपहरण और हत्या के आरोपी को फांसी देने की मांग को लेकर यह कैंडल मार्च निकाला गया था। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। बताया जा रहा है कि करीब नौ महीने पहले युवती की हत्या हुई थी, लेकिन लंबे समय तक कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी थी। बाद में एसपी द्वारा गठित दूसरी एसआईटी ने मामले का खुलासा किया।कैंडल मार्च के दौरान एक महिला ने आरोप लगाया कि जयराम महतो की पार्टी की एक महिला नेत्री ने न्याय दिलाने के नाम पर पीड़िता की मां से 10 हजार रुपये लिए। इस आरोप के बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया। महिलाओं ने विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया और कहा कि अब घटना उजागर होने के बाद उनके आने का कोई मतलब नहीं है। इस दौरान महिलाओं और विधायक समर्थकों के बीच कहासुनी भी हुई।बताया जा रहा है कि इसी बीच एक युवक मोबाइल से वीडियो बना रहा था, जिस पर आपत्ति जताते हुए विधायक जयराम महतो ने उसका मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया। घटना के बाद भीड़ और उग्र हो गई। स्थिति बिगड़ती देख समर्थक विधायक को वहां से हटाकर ले गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

10.चतरा के अपर समाहर्ता का फेसबुक आईडी बनाकर किया हैक,,लोगों से सतर्क रहने की अपील, संदिग्ध अनुरोध न करें स्वीकार : एसी
चतरा जिले में साइबर ठगों की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। इस बार ठगों ने चतरा अपर समाहर्ता (एसी) अरविंद कुमार के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों को निशाना बनाने की कोशिश की है। जानकारी के अनुसार, ठगों ने “अरविंदकुमार डीवाई” नाम से फेसबुक अकाउंट तैयार कर लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजनी शुरू कर दी है, जिससे धोखाधड़ी की आशंका बढ़ गई है। इस मामले की जानकारी मिलते ही अपर समाहर्ता ने तुरंत कार्रवाई करते हुए साइबर अधिनियम के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दिया है। साथ ही उन्होंने अपने आधिकारिक फेसबुक वॉल पर फर्जी आईडी की तस्वीर साझा कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। अपर समाहर्ता अरविंद कुमार ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा है कि उनके नाम से बनाए गए किसी भी फर्जी फेसबुक अकाउंट की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें l

जोहार न्यूज़ टाइम्स के साथ जुड़ें और पाएं हर पल की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें।
लेटेस्ट अपडेट्स सबसे पहले पाने के लिए हमारे प्लेटफॉर्म को अभी लाइक, सब्सक्राइब और विजिट करें। joharnewstimes.com











