डिमना के रिजॉर्ट में ग्रामीणों का हंगामा, संदिग्ध गतिविधियों के आरोप पर पुलिस जांच तेज

डिमना के रिजॉर्ट में ग्रामीणों का हंगामा, संदिग्ध गतिविधियों के आरोप पर पुलिस जांच तेज

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर के डिमना क्षेत्र स्थित “लेक व्यू होटल एंड रिजॉर्ट” में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बड़ी संख्या में ग्रामीण अचानक परिसर में पहुंच गए और वहां कथित अनैतिक गतिविधियों का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने दावा किया कि रिजॉर्ट के अंदर तीन युवक और तीन युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

ग्रामीणों का आरोप है कि शांत और पर्यटन क्षेत्र के रूप में पहचान रखने वाले डिमना इलाके में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही थीं। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि रिजॉर्ट में योग और वेलनेस सेंटर की आड़ में गलत कार्य किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से रिजॉर्ट की गतिविधियों की गहन जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

- Advertisement -
Ad image

वहीं, रिजॉर्ट प्रबंधन ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। संचालक का कहना है कि यहां केवल वैध तरीके से होटल और योग सेंटर संचालित किया जाता है तथा बिना पहचान पत्र किसी को कमरा नहीं दिया जाता। प्रबंधन ने दावा किया कि कुछ लोगों द्वारा जानबूझकर माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है।

घटना के बाद पुलिस ने मौके से कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और यदि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि सामने आती है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों के अनुसार, इससे पहले भी इस रिजॉर्ट को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article