झारखंड के कोडरमा जिला अंतर्गत चंदवारा थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहाँ चोरी के सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर स्थानीय ग्रामीणों और असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में चंदवारा थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से एक महिला और एक युवती समेत 7 लोगों को हिरासत में लिया है।
क्रेशर में हुई थी लाखों की चोरी, कबाड़ गोदाम में मिला सुराग
मामले की शुरुआत सोमवार को हुई जब करौंजिया-थाम स्थित अमित सिंह के क्रेशर में एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। चोरों ने क्रेशर के कीमती दांते, पिनियन, जेसीबी के स्टील पाइप, इनवर्टर बैटरी, मोटर, क्लच प्लेट और नकदी समेत कई उपकरणों पर हाथ साफ कर दिया था। पुलिस इस मामले की तफ्तीश में जुटी थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि चोरी का सामान चंदवारा के बजरंगबली चौक स्थित पिंटु कुमार के कबाड़ गोदाम में छिपाकर रखा गया है।
गाड़ी खड़ी करने के विवाद में भड़की हिंसा, महिलाओं ने भी बोला धावा
सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम कबाड़ गोदाम पहुंची, तो वहां से इनवर्टर समेत चोरी के कई अन्य सामान बरामद कर लिए गए। इसी बरामदगी के दौरान पुलिस वाहन को खड़ा करने को लेकर एक स्थानीय युवक की पुलिसकर्मियों से बहस हो गई।
देखते ही देखते यह मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। कबाड़ गोदाम संचालक के समर्थन में महिलाओं समेत भारी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए और पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस दौरान जमकर हाथापाई हुई, जिसमें थाना प्रभारी और उनके हमराही जवानों को चोटें आईं।
थाने में देर रात तक हाई वोल्टेज ड्रामा, जांच जारी
घटना के बाद पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए मौके से 7 उपद्रवियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें थाने ले आई। इस कार्रवाई के बाद देर रात तक स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी भीड़ चंदवारा थाने में जमी रही और मामले को रफा-दफा करने या सुलझाने का प्रयास करती दिखी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सरकारी कार्य में बाधा डालने व पुलिस पर हमला करने के आरोप में सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है।
