झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर एनडीए खेमे में सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। विपक्षी खेमे की ओर से सेंधमारी और क्रॉस वोटिंग की किसी भी आशंका को सिरे से खारिज करने के लिए एनडीए ने बड़ी रणनीति अपनाई है। गठबंधन ने अपने सभी विधायकों को रांची के लग्जरी होटल रेडिसन ब्लू में शिफ्ट कर दिया है। चुनाव संपन्न होने तक एनडीए के तमाम माननीय इसी ‘सेफ हाउस’ में रहेंगे।
दोपहर 12 बजे तक पहुंचने का था फरमान, रणनीति पर कड़ा पहरा
पार्टी आलाकमान की ओर से सभी विधायकों को सख्त निर्देश दिए गए थे कि वे दोपहर 12 बजे तक हर हाल में होटल रेडिसन ब्लू पहुंच जाएं। सूत्रों के मुताबिक, चुनाव की पूरी स्क्रिप्ट और रणनीति इसी होटल के बंद कमरों में तैयार की जा रही है। मतदान से ठीक पहले यहाँ विधायकों को ‘वरीयता क्रम’ के अनुसार सही तरीके से वोट डालने का मॉक ड्रिल और ट्रेनिंग भी दी जाएगी। 18 जून को मतदान के दिन सभी विधायक एक साथ एकजुट होकर होटल से सीधे विधानसभा के लिए कूच करेंगे।
क्या है परिमल नाथवानी की जीत का ‘जादुई आंकड़ा’?
एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी की नैया पार लगाने के लिए भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। इस सीट को जीतने के लिए पूरे सियासी गणित को समझना जरूरी है:
- जीत के लिए जरूरी वोट: 28 प्रथम वरीयता मत
- एनडीए का मौजूदा संख्या बल: 24 विधायक
- भाजपा : 21 विधायक
- आजसू : 1 विधायक
- लोक जनशक्ति पार्टी : 1 विधायक
- जनता दल यूनाइटेड : 1 विधायक
इन 4 अतिरिक्त वोटों के लिए चल रहा है ‘मास्टरमाइंड’ मंथन
मौजूदा गणित के हिसाब से परिमल नाथवानी को राज्यसभा पहुंचने के लिए 4 अतिरिक्त वोटों की सख्त दरकार है। होटल रेडिसन ब्लू में चल रही हाई-प्रोफाइल बैठकों का मुख्य एजेंडा भी यही है कि इन चार वोटों का इंतजाम कहां से और कैसे किया जाए। राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि निर्दलीय, अन्य छोटे दलों और असंतुष्ट विधायकों को साधने के लिए एनडीए के चाणक्य लगातार संपर्क में हैं। होटल के भीतर चल रहा यह सघन मंथन ही तय करेगा कि 18 जून को ऊंट किस करवट बैठेगा।
