धनबाद- केचकी रेल पुल पर दर्दनाक हादसा, पलामू एक्सप्रेस की चपेट में आने से महिला की मौत

धनबाद- केचकी रेल पुल पर दर्दनाक हादसा, पलामू एक्सप्रेस की चपेट में आने से महिला की मौत

Johar News Times
2 Min Read

धनबाद रेल मंडल के डालटनगंज-गढ़वा रेलखंड स्थित केचकी रेलवे ओवरब्रिज (औरंगा नदी पुल) के पास बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। डाउन पलामू एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में घायल महिला के दोनों पैर कट गए हैं और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

रेल पुल पार करने के दौरान हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, दोनों महिलाएं सुबह के समय औरंगा नदी रेल पुल पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार पलामू एक्सप्रेस वहां पहुंच गई और दोनों उसकी चपेट में आ गईं। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृत महिला को मंगलवार से इलाके में अर्द्ध-विक्षिप्त हालत में घूमते देखा गया था। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी, जबकि घायल महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

चियांकि स्टेशन के पास मिला एक और घायल व्यक्ति

इसी बीच चियांकि रेलवे स्टेशन के पास पोल संख्या 270/16-17 के नजदीक बुधवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति गंभीर हालत में मिला। सूचना पर पहुंची आरपीएफ टीम ने उसे रेस्क्यू कर मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, डाल्टनगंज में भर्ती कराया। तलाशी के दौरान घायल व्यक्ति के पास से डालटनगंज से रांची का रेल टिकट बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि वह रांची की यात्रा पर था। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है और आरपीएफ पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share This Article