तिलक वर्मा के तूफान से मुंबई इंडियंस की शानदार जीत, पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हराया

तिलक वर्मा के तूफान से मुंबई इंडियंस की शानदार जीत, पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हराया

Johar News Times
2 Min Read

आईपीएल में गुरुवार को खेले गए हाईस्कोरिंग मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हराकर प्लेऑफ की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मुंबई ने आखिरी ओवर में 201 रन का लक्ष्य हासिल किया। जीत के हीरो तिलक वर्मा रहे, जिन्होंने नाबाद 75 रन की विस्फोटक पारी खेली।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 200 रन बनाए। टीम को तेज शुरुआत प्रभसिमरन सिंह ने दिलाई। उन्होंने 57 रन की शानदार पारी खेली। मध्यक्रम में विकेट गिरने के बावजूद अजमतुल्लाह उमरजई ने सिर्फ 17 गेंदों में 38 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। आखिरी ओवरों में जेवियर बार्टलेट ने 7 गेंदों में नाबाद 18 रन जोड़े।

मुंबई की ओर से शार्दुल ठाकुर ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए, जबकि दीपक चाहर को 2 सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को रायन रिकेल्टन ने 48 रन बनाकर तेज शुरुआत दी। इसके बाद तिलक वर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों में नाबाद 75 रन ठोक दिए और अंत तक टिके रहे।

अंतिम ओवरों में विल जैक्स ने भी तेज बल्लेबाजी करते हुए 10 गेंदों में नाबाद 25 रन बनाए। तिलक वर्मा और विल जैक्स के बीच पांचवें विकेट के लिए 56 रन की अटूट साझेदारी हुई, जिसने पंजाब किंग्स की उम्मीदों को खत्म कर दिया। इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस को प्लेऑफ की रेस में बड़ा फायदा मिला है, जबकि पंजाब किंग्स की लगातार पांचवीं हार ने उसकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

Share This Article