झारखंड के गुमला जिले स्थित सीलम रिमांड होम से शुक्रवार सुबह तीन किशोरों के फरार होने की घटना से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि तीनों किशोर सुबह करीब 6 बजे रिमांड होम की दीवार फांदकर भाग निकले। फरार होने के लिए उन्होंने चादर को रस्सी की तरह इस्तेमाल किया और उसे दीवार पर लगे लोहे के एंगल में फंसाकर बाहर निकलने में सफल रहे। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह रिमांड होम में बच्चों की नियमित गिनती की गई। गिनती में तीन किशोर कम पाए जाने के बाद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। इसके तुरंत बाद मामले की सूचना वरीय अधिकारियों और पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की टीम रिमांड होम पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने वहां मौजूद अन्य किशोरों और कर्मचारियों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, जिसके बाद रिमांड होम की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, फरार किशोरों में दो लोहरदगा जिले के जबकि एक गुमला जिले के घाघरा क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने तीनों की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया है और आसपास के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि फरार किशोरों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। साथ ही घटना के बाद रिमांड होम की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की भी बात कही जा रही है।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
